बिलासपुर में त्रिदेव सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की कई पार्टियों पर परिवारों का कब्जा है। कांग्रेस पार्टी आरएसबीपी बन गई है। वहीं महिला सम्मान को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि महिला का सम्करने वाली कांग्रेस कंगना का अपमान कर रही है।
बिलासपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की कई राजनीतिक की स्थिति यह हो चुकी है कि उनमें सिर्फ परिवारों ने ही कब्जा करके रखा है। यह पार्टियां परिवार से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। इसके विपरीत भाजपा में परिवारवाद का कोई प्रभाव नहीं है।
अनुराग ठाकुर शनिवार को बिलासपुर में त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकाल में जो बदलाव आए हैं वो सबको दिख रहे हैं। जिसमें प्रत्यक्ष उदाहरण जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करना है। आज स्थिति यह है कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले 70 प्रतिशत कम हो गए हैं। इसके साथ ही वहां आम लोगों की हत्याएं 81 प्रतिशत कम हो गईं हैं और सेना के जवानों की मृत्यु 50 प्रतिशत कम हुई हैं।
उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश को छोड़कर केरल चले गए। वहां वह आतंकी संगठनों का पक्ष रखने वालों एवं टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ मिल गए हैं। राहुल गांधी भारत को जोड़ने नहीं तोड़ने एवं खंड-खंड करने का प्रयास कर रहे हैं
चुनावी बेला को देखते हुए कांग्रेस महिला सम्मान की बात कर रही है, लेकिन असल में यह महिलाओं का अपमान करने में जुटे हैं। कांग्रेस के लोग कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को गालियां देकर अपमानित करने का प्रयास कर रहे हैं। परिवारवाद में घिरी कांग्रेस की स्थिति यह हो चुकी है कि यह राहुल, सोनिया, बाड्रा व प्रियंका (आरएसबीपी) की पार्टी बनकर रह गई है।